आरकेएसडी कॉलेज, कैथल के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि कॉलेज के एनसीसी कैडेट मुकेश ने 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में सफलतापूर्वक भाग लिया और इस अवसर पर उन्हें डीजी एनसीसी मेडल से सम्मानित किया गया।
डीजी एनसीसी मेडल, राष्ट्रीय कैडेट कोर का सर्वोच्च एवं प्रतिष्ठित सम्मान है, जो उत्कृष्ट प्रदर्शन व अनुशासन के लिए दिया जाता है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कॉलेज के अध्यक्ष श्री अश्वनी शोरेवाला ने कैडेट मुकेश को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल कैडेट की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि आरकेएसडी कॉलेज की अनुशासित एवं राष्ट्रसेवा की भावना से ओत-प्रोत शैक्षणिक परंपरा को भी दर्शाता है।
प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने कैडेट मुकेश की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कॉलेज का प्रतिनिधित्व करना और डीजी एनसीसी मेडल प्राप्त करना अत्यंत गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि एनसीसी छात्रों में नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के गुण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सफलता का श्रेय एनसीसी अधिकारियों लेफ्टिनेंट राघबीर लांबा एवं लेफ्टिनेंट ऋतु कांग के मार्गदर्शन को भी दिया गया।
