7-दिवसीय एन.एस.एस. शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न

आर.के.एस.डी. महाविद्यालय, कैथल की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाइयों द्वारा दर्शन अकादमी, जगदीशपुरा में आयोजित 7-दिवसीय एन.एस.एस. शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन, सेवा भावना एवं सामाजिक जागरूकता का उत्कृष्ट परिचय दिया। प्रत्येक दिन की शुरुआत राष्ट्रीय गान, एन.एस.एस. गीत एवं योगाभ्यास से हुई, जिससे स्वयंसेवकों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।

शिविर में विभिन्न दिनों पर अनेक विशिष्ट अतिथियों ने सहभागिता की, जिनमें यातायात पुलिस उपनिरीक्षक श्री राजबीर सिंह, डॉ. मीनाक्षी गोयल, डॉ. विनय गुप्ता, डॉ. विवेक गर्ग, गांव जगदीशपुरा की सरपंच कुमारी सविता, श्री नरेंद्र जिंदल, साइबर विशेषज्ञ श्री शुभ्रांशु, श्रीमती सुरभि गर्ग, श्री सुशील कुमार, श्री नवनीत गोयल, योग प्रशिक्षक श्री रवि तथा श्री पंकज बंसल प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी अतिथियों ने स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, स्वदेशी, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता एवं सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली, पोस्टर प्रतियोगिता, वाद-विवाद, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

शिविर का औपचारिक उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल एवं सायंकालीन सत्र के प्राचार्य प्रभारी डॉ. हरिंदर गुप्ता द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. गगन मित्तल ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में एन.एस.एस. के वास्तविक उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि एन.एस.एस. केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और समाज सेवा की भावना को सशक्त बनाने का माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और सक्रिय रूप से योगदान देने के लिए प्रेरित किया तथा उनसे अपने अनुभव साझा करने का भी आग्रह किया।

प्रधान श्री अश्वनी शोरेवाला ने कहा कि एन.एस.एस. जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस शिविर के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन के अनुभव प्रदान करते हैं और उन्हें समाज के प्रति संवेदनशील बनाते हैं।

समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिसमें ज्योति, अनीता एवं अनुज को ‘सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक’ घोषित किया गया।शिविर का सफल संचालन कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. अनिल जिंदल, डॉ. अनुकृति एवं सुश्री अनीता के मार्गदर्शन में किया गया। यह शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने में अत्यंत सफल सिद्ध हुआ।

Quick Navigation